दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम, बारिश से कम होगा तापमान, जानें किस दिन बरसेंगे बादल

By: AVM GP Sharma | Edited By: Mohini Sharma
Mar 13, 2026, 12:30 PM
WhatsApp icon
thumbnail image

दिल्ली में बारिश के आसार

मुख्य मौसम बिंदु

  • दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.8°C दर्ज, सामान्य से लगभग 7°C अधिक।
  • 15 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक की संभावना।
  • रात 10 बजे से 16 मार्च तड़के तक मौसम गतिविधि अधिक रहने के आसार।
  • बारिश के बाद तापमान में गिरावट और मौसम कुछ समय के लिए सुहावना रहेगा।

पिछले तीन दिनों से लगातार बढ़ रहे तापमान के बाद आखिरकार दिल्ली-एनसीआर में पारा थोड़ा नीचे आया है। बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.8°C दर्ज किया गया, जो पिछले दिन यानी 12 मार्च से करीब 1°C कम है। हालांकि यह अभी भी सामान्य से लगभग 7°C अधिक है। दूसरी ओर, न्यूनतम तापमान लगभग 2°C बढ़ गया है और यह सामान्य से 5°C से अधिक ऊपर बना हुआ है। आने वाले 4–5 दिनों में अधिकतम तापमान और गिरने की संभावना है। वीकेंड पर बारिश होने के आसार हैं, जिससे के कारण रविवार 15 मार्च तक तापमान लगभग 30°C के आसपास पहुंच सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ से बनेगी मौसम गतिविधि

फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय इलाकों से गुजर रहा है, जो आज 13 मार्च को ही इस क्षेत्र से आगे निकल जाएगा। इसके तुरंत बाद एक नया सिस्टम कल 14 मार्च से सक्रिय होने वाला है, जिससे राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनेगा। इसके अलावा गंगानगर, हिसार और दिल्ली से होते हुए आगरा-झांसी अक्ष तक एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ बनेगी। यह ट्रफ मौसम प्रणालियों के पूर्व की ओर खिसकने के साथ-साथ आगे बढ़ेगी और 15 मार्च को दिल्ली से होकर गुजरेगी। ऊपरी स्तरों पर मौजूद एक अनुकूल ट्रफ भी मौसम की गतिविधियों को और मजबूत करेगी।

14 मार्च से शुरू होगी मौसम की हलचल

मौसम में बदलाव की शुरुआत 14 मार्च को उत्तर राजस्थान से होगी, वह भी देर शाम के बाद। इससे पहले उच्च स्तर के बादल दिखाई देने लगेंगे और दिल्ली सहित उत्तरी मैदानी इलाकों में आज 13 मार्च और कल 14 मार्च को आसमान बादलों से ढका रह सकता है। 14 मार्च की रात को दिल्ली में हल्की बारिश की थोड़ी संभावना है। इसके बाद 15 मार्च की सुबह से मौसम गतिविधियों की तीव्रता और क्षेत्र दोनों बढ़ जाएंगे।

15 मार्च की रात तेज बारिश और आंधी के आसार

15 मार्च को दिन में थोड़ा देर से दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक की शुरुआत हो सकती है, जो शाम और रात तक जारी रह सकती है। मौसम की गतिविधियाँ 15 मार्च रात 10 बजे से 16 मार्च रात 2 बजे के बीच सबसे ज्यादा हो सकती हैं। इस दौरान तेज गरज, बिजली चमकने, तेज बौछारें और झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। यह बारिश दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में प्री-मानसून मौसम गतिविधियों की शुरुआत का संकेत होगी। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी और मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो जाएगा।

आगे भी जारी रह सकती है प्री-मानसून गतिविधि

16 मार्च को मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगी। 18 से 20 मार्च के बीच फिर से मौसम सक्रिय हो सकता है। इसके अलावा 21 से 23 मार्च के बीच अगले सप्ताहांत में भी प्री-मानसून गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी रहेगी। इससे साफ है कि मार्च के दूसरे हिस्से में दिल्ली-एनसीआर में बार-बार बदलता मौसम और गरज-चमक वाली गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

author image
AVM GP Sharma
President of Meteorology & Climate Change
AVM Sharma, President of Meteorology & Climate Change at Skymet Weather Services, is a retired Indian Air Force officer who previously led the Meteorological Branch at Air Headquarters in New Delhi. With over a decade of experience at Skymet, he brings a wealth of knowledge and expertise to the organization.
FAQ

15 मार्च की शाम से रात के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

हां, बारिश और बादलों के कारण अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट हो सकती है।

जी हां, यह बारिश और गरज-चमक दिल्ली में प्री-मानसून मौसम गतिविधि की शुरुआत मानी जा रही है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी स्काइमेट की पूर्वानुमान टीम द्वारा किए गए मौसम और जलवायु विश्लेषण पर आधारित है। हम वैज्ञानिक रूप से सही जानकारी देने का प्रयास करते हैं, लेकिन बदलती वायुमंडलीय स्थितियों के कारण मौसम में बदलाव संभव है। यह केवल सूचना के लिए है, इसे पूरी तरह निश्चित भविष्यवाणी न मानें।

Skymet भारत की सबसे बेहतर और सटीक निजी मौसम पूर्वानुमान और जलवायु इंटेलिजेंस कंपनी है, जो देशभर में विश्वसनीय मौसम डेटा, मानसून अपडेट और कृषि जोखिम प्रबंधन समाधान प्रदान करती है